Monday, November 23, 2026

दो भाई, दो सोच और समय का इंसाफ - पार्ट - 2 (पूर्व कथानक) अध्याय 1-5

भूमिका - 

एक परिवार था, जिसमें छह भाई और एक बहन थे। उन्हीं भाइयों में से एक थे कैवल्य, जिनके 4 बेटे और एक बेटी थी—विनीश, सुकेश, दिनेश और सबसे बड़ा लक्ष्मीनारायण जो अपनी नानी के गोद चला गया था। बेटी सपना की शादी दादा ने जल्द ही करवा दी थी। सुकेश की सोचने समझने की शक्ति उम्र के अनुसार नहीं बढ़ी थी।  विनीश और दिनेश ही समझदार थे लेकिन किस्मत ने दोनों भाइयों के जीवन की राहें कुछ अलग ही लिख रखी थीं।

कुछ अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण विनीश और दिनेश के पिता कैवल्य को अपना पुश्तैनी घर छोड़कर गुमनामी में एक पहाड़ी की झोंपड़ी में जीवन बिताने को मजबूर होना पड़ा था जहां बारिश में भोले-भाले बच्चे भूख को अपना नसीब समझकर छत से टपकती बूँदों को पीकर अक्कड़-बक्कड़ खेलकर सो जाते थे। 

कब बुखार आया और कब चला गया, पता नहीं लगता था। सांप बिच्छू काट लेते तो भी रोने के अलावा कोई उपाय नहीं था क्योंकि बिना पैसे के तो कोई दुआ भी नहीं देता तो दवा कहां से ही आती।

दरिद्रता का अभिशाप अभी झेलना था।

इस तरह कैवल्य के बच्चों का बचपन घोर संघर्षों में बीता। पढ़ाई-लिखाई का सपना अधूरा रह गया और कम उम्र में ही दोनों को परिवार का पेट पालने के लिए काम की तलाश करनी पड़ी।

उस कठिन समय में उनके पिता परसराम बिहारी, भाई वासुदेव और बहन पूर्णिमा ने उनका साथ दिया। जब अपने ही जीवन की मुश्किलों से जूझ रहे थे, तब इन ख़ास रिश्तेदारों ने परिवार के प्रति अपने कर्तव्य को निभाया।

विनीश, सुकेश और दिनेश अपने दादा के घर आते रहते थे पर खराब आर्थिक स्थिति के कारण बाकी बच्चों से कभी घुल मिल नहीं पाये।

विनीश और दिनेश बहुत जल्दी पैसे की आवाज़ समझने लगे थे।

पहला अध्याय : 
विनीश का संघर्ष और सफलता की शुरुआत

विनीश को अपने दादा और चाचाओं का भरपूर सहयोग मिला। व्यावसायिक जीवन की शुरुआत उसने एक होटल में छोटे-मोटे काम करने से की। उसके लिए काम छोटा या बड़ा नहीं था, क्योंकि उसे मालूम था कि खाली हाथ बैठने से बेहतर है कि मेहनत की जाए।

बाद में दादा की सिफारिश से उसे एक रिश्तेदार के फाइबर चद्दरों के व्यवसाय में सहायक के रूप में काम करने का अवसर मिला। इसके बाद दादा और चाचा के प्रयासों से वह एक दूसरे व्यवसाय से जुड़ा जो कि निर्माण सामग्री के बेचान से संबंधित था।

विनीश ने इस अवसर को केवल नौकरी नहीं समझा, बल्कि सीखने का माध्यम बनाया। उसने काम को बारीकी से समझा, अनुभव हासिल किया और धीरे-धीरे अपनी कार्यक्षमता से लोगों का विश्वास जीतने लगा।

हालाँकि, जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव अभी बाकी था—उसकी शादी।

परिवार की ओर से कई प्रयास किए गए, लेकिन बात कहीं बन नहीं बन पाई।

आखिरकार उसकी बहन सपना, जिसकी शादी काफी पहले हो चुकी थी, ने दूसरे राज्य में रहने वाले एक अन्य जाति के जाने-माने परिवार से उसका रिश्ता तय करवाने का प्रयास किया।

रिश्ता लगभग तय होने की स्थिति में था।

लड़की वालों ने पूछा कि जिस दुकान पर विनीश काम करता है, वह उसकी अपनी है या वह वहाँ नौकरी करता है?

विनीश ने जवाब दिया कि दुकान उसकी अपनी है। विनीश समाज की चालाकियों के अनुसार खुद को ढाल चुका था।

उसकी बहन ने भी इस रिश्ते को सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। दुकान के पास में एक शानदार मकान किराये पर लिया गया। उसमें वॉशिंग मशीन, फ्रिज, सोफा सेट, टेलीविजन, म्यूजिक सिस्टम और जरूरत की तमाम चीजें जुटाई गईं, ताकि शादी में किसी प्रकार की कमी महसूस न हो।

परिवार के कुछ सदस्य इस अंतरजातीय विवाह के पक्ष में नहीं थे। लेकिन एक महत्वपूर्ण बात यह भी थी कि विरोध करने वालों में से किसी ने यह आश्वासन नहीं दिया कि यदि यह रिश्ता तोड़ दिया गया तो वे उसी जाति में विनीश के लिए कोई अच्छा रिश्ता सुनिश्चित करवा देंगे।

आखिरकार शादी हो गई।

शादी के बाद विनीश के जीवन में मानो सफलता का नया अध्याय शुरू हो गया। उसका काम बढ़ने लगा और वह अपने क्षेत्र में पहचान बनाने लगा।

दूसरा अध्याय : 
विश्वास की विरासत और एक बड़ा फैसला

विनीश के दादा ने कभी उसके पिता कैवल्य को एक प्लॉट दिया था। लेकिन परिवार में कुछ परिस्थितियाँ ऐसी बनीं कि दादा को कैवल्य के व्यवहार पर संदेह होने लगा।

उन्होंने उस प्लॉट को विनीश के नाम कर दिया।

इसके पीछे एक उम्मीद थी।

विनीश परिवार में बड़ा था। उसकी बातचीत, व्यवहार और समझदारी देखकर दादा को विश्वास था कि वह भविष्य में अपने छोटे भाई-बहनों के साथ न्याय करेगा और परिवार की विरासत को सबके हित में संभालेगा।

यह केवल जमीन का हस्तांतरण नहीं था, बल्कि एक बुजुर्ग का अपने पोते पर जताया गया विश्वास था।

विनीश ने काम में खूब तरक्की की, लेकिन जिस व्यवसाय में वह काम कर रहा था, वह रहस्यमय परिस्थितियों में बंद हो गया।

इसके बाद उसने कुछ अन्य व्यवसायों में भी हाथ आजमाया, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली।

आखिरकार उसने अपना व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। उसने उसी नाम और उसी फोन नंबर से अपना काम शुरू किया, जिस नाम और नंबर से वह पहले वाले प्रतिष्ठान में काम करता था।

दुकान बेसमेंट की थी लेकिन धीरे-धीरे उसका व्यवसाय चल निकला और उसने अपनी एक अलग पहचान बना ली।

इस व्यवसाय को शुरू करने के लिए उसकी बहन ने आर्थिक मदद भी की।

दुकान के भूतल पर बैठा दुकानदार जलन से लाल हो गया और अपनी पहचान का फ़ायदा उठाकर विनीश की दुकान ख़ाली करवा कर उसे सड़क पर पहुंचा दिया। 

विनीश ने दुकान ख़ाली कर सामान और फर्नीचर घर के बाहर सड़क पर रखा जो कि बारिश में भीगता रहता था। विनीश बाजार में पूरा ज़ोर लगा रहा था कि एक दुकान मिल जाए लेकिन 35000/- रुपए किराए से नीचे कोई दुकान नहीं मिल रही थी। एक दुकान 35000/- रुपए में तय हुई जो कि बाद में बाज़ार के सेठों की मस्ती में 38000/- रुपए में लेनी पड़ी।

दुकान लेते ही विनीश ठान चुका था कि आर भी यहीं और पार भी यहीं।

विनीश की जिंदगी में संघर्षों के बाद सफलता का एक नया दौर शुरू हो चुका था।

तीसरा अध्याय : 
दिनेश—एक हुनरमंद इंसान की अनकही कहानी

दूसरी ओर दिनेश का जीवन कुछ अलग था।

वह एक कपड़े की दुकान पर बहुत कम वेतन में काम करता था। लेकिन उसके अंदर एक ऐसी प्रतिभा थी, जो हर किसी में नहीं होती।

वह जन्मजात सेल्समैन था।

ग्राहक को समझना, उसकी जरूरत पहचानना, सामान की खूबियाँ बताना और उसे खरीदने के लिए प्रेरित करना—यह सब उसके स्वभाव में था।

लेकिन परिस्थितियों ने उसकी प्रतिभा को कभी सही अवसर नहीं दिया। उसमें एक भारी कमी थी कि वह भावनाओं के भार को नहीं सम्हाल पाता था।

उसका जीवन एक मुसाफिर जैसा था। समय पर घर आना, समय पर काम पर जाना और सीमित आमदनी में जीवन गुजारना ही उसकी दिनचर्या थी।

फिर भी उसके मन में अपने बड़े भाई विनीश के प्रति कोई ईर्ष्या नहीं थी।

वह भाई की तरक्की देखकर खुश होता था। उसे लगता था कि अगर उसका भाई आगे बढ़ रहा है, तो यह पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है।

लेकिन उसे क्या पता था कि जीवन का अगला मोड़ उसके लिए एक बड़ी परीक्षा लेकर आने वाला है।

चौथा अध्याय : 
विश्वास, निर्भरता और रिश्तों में आती दरार

विनीश ने अपने नाम पर दर्ज उस प्लॉट को बेच दिया, जो मूल रूप से उसके पिता को दादा की ओर से उपहार स्वरूप मिला था।

दिनेश को उम्मीद थी कि उस संपत्ति में उसका भी कोई हिस्सा या साझेदारी होगी, लेकिन विनीश ने अपने भाई को साझेदार बनाने के बजाय अपनी पत्नी को साझेदार बनाया।

दिनेश ने कोई विरोध नहीं किया।

उसने शायद यही सोचा कि बड़ा भाई जो कर रहा है, परिवार के हित में ही कर रहा होगा।

कुछ समय बाद विनीश ने दिनेश को अपनी नौकरी छोड़कर अपने व्यवसाय में शामिल होने के लिए कहा।

दिनेश ने बिना देर किए नौकरी छोड़ दी।

विनीश ने उसे व्यवसाय का हर काम सिखाया। दिनेश ने भी पूरी लगन से सब कुछ सीखा। वह न केवल काम को समझने लगा, बल्कि अपनी जन्मजात बिक्री क्षमता के कारण ग्राहकों के बीच लोकप्रिय भी होने लगा।

दोनों भाई एक ही व्यवसाय में साथ काम करने लगे।

विनीश ने दिनेश के लिए अपने ससुराल पक्ष के ही परिवार में रिश्ता तलाशा और उसका विवाह तय करवा दिया।

दिनेश का विवाह हो गया था। परंतु..........

दिनेश पूरी तरह आर्थिक रूप से विनीश पर निर्भर था। उसकी हर छोटी-बड़ी जरूरत के लिए उसे बड़े भाई की ओर देखना पड़ता था।

दिनेश की पत्नी को यह स्थिति पसंद नहीं थी।

एक दिन जब घर के मालिकाना हक के बारे में सवाल हुआ, तो दिनेश ने साफ-साफ कहा कि घर उसके नाम पर नहीं है, बल्कि उसका मालिकाना हक विनीश के पास है।

यहीं से रिश्तों में बदलाव आने लगा।

धीरे-धीरे दोनों भाइयों के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा। जिस रिश्ते की नींव कभी विश्वास पर रखी गई थी, उसमें अब अधिकार, स्वामित्व और असुरक्षा के सवाल खड़े होने लगे।

इसी दौरान दादी के निधन के बाद चांदी और उनके कुछ सामान का बंटवारा हुआ जो विनीश ने रख लिया और दिनेश को मालूम ही नहीं चला कि ऐसा कुछ बंटवारा भी हुआ है। 

इसके बाद उनके पिता कैवल्य के पास रिटायरमेंट का 57 लाख रुपया आया जो कि विनीश ने बताया कि पिताजी ने वैष्णो देवी के चढ़ा दिया जबकि कैवल्य ने अपने भाई परमानंद और वासुदेव को बताया कि विनीश ने खूब शराब पिला कर कैवल्य से पैसो के हस्तांतरण लिए अंगूठे का निशान लगवा लिया।

दादा परसराम बिहारी की मृत्यु के बाद विनीश के पिता के हिस्से में 100 ग्राम सोना आया जो कि विनीश के कब्ज़े में गया और विनीश से जब घर के बड़ों ने पूछा कि दिनेश का हिस्सा क्यों नहीं दिया तो जवाब मिला कि सोना चोरी हो गया।

दिनेश ने अपने रहने के लिए घर की दूसरी मंजिल पर कमरे बनवाने शुरू किए। विनीश सब कुछ चुपचाप देखता रहा।लेकिन जैसे ही निर्माण पूरा हुआ, परिस्थितियों ने अचानक करवट ली।

विनीश ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि दिनेश संपत्ति पर अवैध कब्जा करना चाहता है।

आखिरकार दिनेश को घर छोड़ना पड़ा। दूसरी मंजिल बनाने में उसने जितना पैसा लगाया था, उतनी रकम उसे मुआवजे के रूप में देकर संपत्ति के बंटवारे का मामला समाप्त कर दिया गया।

इस पूरे घटनाक्रम में मोहल्ले के लोगों ने भी विनीश का पक्ष लिया।

इधर परिवार में सब बड़े लोगों ने दिनेश का साथ दिया परंतु काग़ज़ विनीश के हक में होने से कुछ नहीं कर सके। विनीश की अपने भाई के साथ की गई धोखाधड़ी और परिस्थितियों को देखते हुए वासुदेव ने दिनेश का पुश्तैनी घर में हक़ सुरक्षित रखा और उनके हिस्से का उन्हें वादा किया जो कि बाद में पूरा भी हुआ।

परंतु अभी तो दिनेश के पास न घर रहा, न स्थायी आर्थिक सहारा और न ही वह पुराना पारिवारिक वातावरण, जिसमें वह कभी निश्चिंत होकर रहा करता था।

जिस बड़े भाई की सफलता पर वह कभी गर्व करता था, उसी के साथ उसका रिश्ता अब एक अलग मोड़ पर आ चुका था।

वह कभी कभी अपने वासुदेव चाचा के घर आ जाता था जहां खाना खाकर वह तृप्त होता था क्योंकि दिनेश के पास बड़े भाई से अलगाव के बाद परिवार में वासुदेव चाचा ही बचे थे जिनके पास वह अपनत्व पाता था।

पाँचवाँ अध्याय : 
टूटकर भी खड़ा होना ही असली जीत है

दिनेश के सामने अब जीवन की सबसे बड़ी चुनौती थी—दोबारा अपने पैरों पर खड़ा होना।

उसने हार नहीं मानी।

कुछ समय तक उसने एक अधम व्यक्ति के साथ काम किया और उसके व्यवसाय को स्थापित करने में अपनी पूरी मेहनत लगा दी। लगभग दस महीने बाद उसने वहाँ से अलग होने का फैसला किया।

अब उसके सामने अपना व्यवसाय शुरू करने का विचार था, लेकिन पूंजी नहीं थी। 

दिनेश बाज़ार में अच्छी पकड़ रखने वाले नेताजी के भांजे अमन बाकला के कंधे पर सर रख कर रोया और 45000/- रुपये किराए पर बड़ी दुकान ले ली।

इस कठिन समय में उसने अपने साले से आर्थिक मदद ली और अपना व्यवसाय शुरू कर दिया।

उसने अपनी साली के बेटे को भी अपने साथ काम पर रख लिया। यह उसके ऊपर एक पारिवारिक दायित्व था, जिसे उसने निभाने का फैसला किया।

दिनेश ने वही व्यवसाय शुरू किया, जिसमें उसका वर्षों का अनुभव था और जिसमें उसका भाई विनीश पहले से स्थापित हो चुका था।

लेकिन इस बार दिनेश के पास न बड़े भाई का सहारा था, न किसी बड़े बुजुर्ग की सिफारिश और न ही कोई मजबूत आर्थिक पृष्ठभूमि।

उसके पास केवल तीन चीजें थीं—

वर्षों का अनुभव।
ग्राहकों को समझने और बेचने का अद्भुत हुनर।
विपरीत परिस्थितियों में भी हार न मानने का जज्बा।

और इन तीनों ने मिलकर चमत्कार कर दिया।

दिनेश ने अपनी मेहनत और बिक्री कौशल से बहुत तेजी से तरक्की की। उसका व्यवसाय चल निकला। जिन लोगों ने कभी उसे एक मामूली कर्मचारी के रूप में देखा था, वे अब उसकी सफलता को देखकर हैरान थे।

कुछ लोग उसकी तरक्की से खुश थे, तो कुछ उससे ईर्ष्या करने लगे। दिनेश की रातों-रात प्रगति देख जलोकड़ों के एक टोले को भयंकर जलन हुई और दिनेश की दुकान के अंदर आकर बात करने के बहाने माल का जायज़ा लेने लगे और बिक्री के तरीके भांपने लगे। 

इसके उलट दिनेश को लगा कि बड़े लोगों अब दोस्ती हो जाएगी लेकिन वो यह समझ नहीं पाया कि भेड़िया कभी भेड़ से दोस्ती नहीं करता, वो सिर्फ उसका भक्षक है। दिनेश अपनी तारीफ़ नहीं सम्हाल पा रहा था क्योंकि भावनाओं का भार उसको दबा देता था। 

दिनेश के थोक विक्रेता अधिकतर वही थे जो कि विनीश के विक्रेता थे इसलिए दोनों की बातें आपस में घूम रही थी जिसका फायदा विक्रेताओं को हो रहा था। 

दिनेश एकतरफा कमाई कर रहा था और बाज़ार में उगते सूरज को सलाम होता है इसीलिए जिन थोक विक्रेताओं ने दिनेश को शुरू में मुंह नहीं लगाया था वो ही अब उन्हें "दिनेश जी, थोड़ा हम पर भी कृपा कर दीजिए" बोलने लगे थे। दिनेश पर्ची बिना देखे हिसाब करता था जिस कारण कई थोक विक्रेताओं के बच्चों की स्कूल की फीस का मुफ्त में ही इंतजाम हो जाया करता था। 

दिनेश के लिए पैसा सम्हालना नई बात थी। पवन नामक व्यक्ति ने दो लाख उधार मांगा और दिनेश ने दे दिया। दिनेश को मदद करके अच्छा लगा।

मकराना के एक ग्राहक ने दिनेश के जिगरे को समझ लिया और खूब काम दिया।

सफलता का स्वाद दिनेश को अच्छा लग रहा था। अब दिनेश महंगी अंगूठी, चेन, फर्नीचर और आलीशान मकान के सपने को पूरा कर रहा था। गाड़ी अभी बाकी थी।

दिनेश के नए व्यवसाय की सफलता ज्यादा समय तक एक जैसी नहीं रही थी। धीरे-धीरे बिक्री में गिरावट आने लगी। लेकिन इसके बावजूद दिनेश ने अपने व्यवसाय को पूरी तरह डूबने नहीं दिया। उसने कम से कम इतनी बिक्री बनाए रखी कि व्यवसाय चलता रहे और जीवन की गाड़ी आगे बढ़ती रहे।

यहाँ तक आते-आते दिनेश ने एक बात सीख ली थी—
जिस इंसान ने जीवन में कभी अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर नहीं पाया हो, जब वह पहली बार अपने दम पर खड़ा होता है, तो उसकी असली ताकत दुनिया के सामने आती है।

आगे जारी है.......

No comments:

Post a Comment